- नोएडा से बरामद बेटी ने पिता के साथ जाने से किया इनकार, गांव लौटकर आरोपी ने घर के बाहर झाड़ू लगा रहे बुजुर्ग पर किया हमला; वारदात के बाद फरार
बदायूं। बेटी के प्रेम प्रसंग और उसके फैसले से नाराज पिता ने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गुरगांव में एक युवती के पिता ने कथित तौर पर फावड़े से हमला कर उसके प्रेमी के ताऊ की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी अमन और मीनू के मकान आमने-सामने हैं। 23 अक्टूबर 2025 को मीनू अमन के साथ घर छोड़कर चली गई थी। बेटी के लापता होने पर उसके पिता मुनेंद्र ने मूसाझाग थाने में अमन के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद से वह बेटी की तलाश और बरामदगी के लिए लगातार पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहा था।
गुरुवार सुबह करीब 4 बजे पुलिस ने मीनू को नोएडा से बरामद कर लिया। इसकी जानकारी मिलने पर मुनेंद्र थाने पहुंचा। उसे उम्मीद थी कि बेटी उसके साथ घर लौट आएगी, लेकिन पुलिस के सामने मीनू ने अमन के साथ रहने की इच्छा जताई और पिता के साथ जाने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि बेटी के इस फैसले से नाराज होकर मुनेंद्र गांव लौट आया। शाम करीब 7 बजे वह फावड़ा लेकर अमन के घर पहुंचा। उस समय अमन के ताऊ अवधेश घर के बाहर झाड़ू लगा रहे थे। आरोप है कि मुनेंद्र ने उन पर फावड़े से कई वार कर दिए। गर्दन पर गंभीर चोट लगने से अवधेश की मौके पर ही मौत हो गई।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी फावड़ा छोड़कर खेतों की तरफ भाग चुका था। घटना की सूचना पर यूपी-112 और मूसाझाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी की तलाश में टीमें लगाई हैं।
एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि युवक के ताऊ की हत्या की गई है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
एक युवती के प्रेम प्रसंग से शुरू हुआ विवाद अब एक बुजुर्ग की हत्या तक पहुंच गया। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।




