- युवक के माथे से बहा खून
- गाड़ी निकालने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद, युवती के पिता ने तीन युवकों पर अभद्रता और मारपीट का लगाया आरोप
- पुलिस ने मामूली टक्कर को बताया विवाद की वजह
गाजियाबाद। मोदीनगर मेट्रो स्टेशन (नॉर्थ) की पार्किंग में गाड़ी निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। विवाद के बाद मारपीट हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवती के पिता ने तीन युवकों पर बेटी के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत पार्किंग में वाहनों की मामूली टक्कर से हुई थी।
गोविंदपुरी निवासी विजय बहादुर का आरोप है कि उनकी बेटी दिल्ली से पढ़ाई कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में तीन युवकों ने उसके साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर युवती और उसके भाई के साथ मारपीट की गई, जिसमें युवती घायल हो गई।
दूसरी ओर, मोदीनगर पुलिस के मुताबिक पार्किंग से गाड़ी निकालते समय मामूली टक्कर लगने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान युवती के भाई ने चाबी से हमला किया, जिससे दूसरे पक्ष के एक युवक के माथे पर चोट आई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक के माथे से खून निकलता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद युवती के पिता ने निवाड़ी पुलिस चौकी को सूचना देने के बावजूद पुलिस के देरी से पहुंचने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। छेड़छाड़ और मारपीट के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने दोनों पक्षों के तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है।




