फर्रुखाबाद से जयपुर जा रही थी यात्री बस, भोगांव में सीएचसी के पास मची अफरा-तफरी

मैनपुरी। भोगांव मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और पाल ढाबा के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फर्रुखाबाद से जयपुर जा रही एक यात्री बस का चलते-चलते अचानक टायर निकल गया। घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस जैसे ही भोगांव में अस्पताल के पास पहुंची, अचानक तेज आवाज के साथ उसका टायर निकल गया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित कर सड़क किनारे रोक दिया।

गनीमत रही कि चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए। घटना के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

इस घटना ने एक बार फिर यात्री बसों की फिटनेस और परिवहन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिरकार यात्रियों की जिंदगी से जुड़ी बसों की तकनीकी जांच और फिटनेस प्रमाणपत्रों की नियमित पड़ताल क्यों नहीं होती?

सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार विभाग की नींद खुलेगी?