फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के सराह गांव में पुरानी रंजिश को लेकर चार लोगों ने एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के अनुसार, सराह गांव निवासी 30 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र गिरीश कुमार सोमवार रात अपने घर के बाहर बैठा था। सुनील का आरोप है कि इसी दौरान गांव के चार लोग वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर बिना किसी बात के गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में वह लहूलुहान हो गया।

घटना के बाद घायल सुनील फतेहगढ़ कोतवाली पहुंचा और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मारपीट के मामले में घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।