फर्रुखाबाद। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार 30 एवं 31 अक्टूबर को फर्रुखाबाद सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में तेज झोंकेदार हवाओं, गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। संभावित प्रतिकूल मौसम को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जनपद में अलर्ट जारी करते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने सभी उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौसम की लगातार निगरानी करने तथा राजस्व एवं पुलिस कर्मियों को अलर्ट रखने के निर्देश दिए हैं। नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों के माध्यम से लाउडस्पीकर युक्त वाहनों से मौसम संबंधी चेतावनी और सुरक्षा उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया है।

आमजन से अपील की गई है कि तेज हवाओं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों, बिजली के खंभों, जलाशयों और जर्जर भवनों से दूर रहें। मौसम खराब होने पर सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लें। प्रशासन ने जोखिम वाले स्थानों और असुरक्षित भवनों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए हैं।

पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने, जबकि स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों, चिकित्सकीय टीमों और एंबुलेंस सेवाओं को सक्रिय रखने को कहा गया है। कृषि एवं पशुपालन विभाग को किसानों और पशुपालकों को फसलों तथा पशुओं की सुरक्षा के संबंध में आवश्यक सलाह देने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा विद्युत विभाग और लोक निर्माण विभाग को बिजली लाइनों, सड़कों, पुलियों और क्षतिग्रस्त संरचनाओं पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से भी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। जिला प्रशासन ने मीडिया के माध्यम से भी मौसम संबंधी चेतावनी का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी प्रकार की जनहानि, पशुहानि, मकान या फसल क्षति की सूचना मिलने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर 05692-235077 और 9454416457 पर संपर्क किया जा सकता है।