फर्रुखाबाद। बढ़पुर विकासखंड क्षेत्र में खेत में काम कर रहे एक युवक को सांप ने पैर में डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे बेहोशी की हालत में डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव वीजलपुर निवासी 26 वर्षीय जीतू पुत्र अलोखेलाल गुरुवार को खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक सांप ने उसके पैर में काट लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लोहिया लेकर पहुंचे। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. दीपक तिवारी ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया। होश में आने पर युवक ने चिकित्सकों को बताया कि खेत में काम करते समय सांप ने उसके पैर में काट लिया था। फिलहाल चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।




