फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 में चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में ब्रीफिंग आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने चयनित अभ्यर्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और उन्हें लखनऊ के लिए रवाना किया।
ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने अभ्यर्थियों को बताया कि छह नवंबर को रिजर्व पुलिस लाइन्स, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उन्हें प्रतिभाग करना है। उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्था, निर्धारित समय, अनुशासन और यात्रा के दौरान आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी दी।
उन्होंने अभ्यर्थियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें और सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। साथ ही प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों में पुलिस सेवा में शामिल होने को लेकर उत्साह दिखाई दिया। ब्रीफिंग के बाद सभी अभ्यर्थियों को आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ सकुशल लखनऊ के लिए रवाना किया गया।




