फर्रुखाबाद। शाहजहांपुर जिले के कलान थाना क्षेत्र के भुन्नी खेड़ा गांव निवासी 50 वर्षीय रेखा की फर्रुखाबाद के डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल में मंगलवार शाम उपचार के दौरान मौत हो गई। चिकित्सकों के मुताबिक, महिला ने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे थे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतका की पहचान रेखा पत्नी रक्षपाल के रूप में हुई है। वह तीन बेटों की मां थीं। परिजनों के अनुसार, रेखा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और उनका काफी समय से इलाज चल रहा था। मंगलवार को उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिवार के लोग उन्हें तत्काल लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी। बुधवार को परिजन और मायके पक्ष के लोग मोर्चरी पहुंचे। उन्होंने पुलिस को महिला की बीमारी और पहले से चल रहे उपचार के संबंध में जानकारी दी। परिजनों का कहना था कि दवा खाने के बाद उनकी हालत बिगड़ी थी।

मृतका के बेटे संतोष ने भी बताया कि उनकी मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और उनका इलाज चल रहा था। मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस से पोस्टमार्टम नहीं कराने की इच्छा जताते हुए शव परिजनों को सौंपने की मांग की। बुधवार को मामले में पुलिस जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी रही। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।