- युवाओं से किया विकसित भारत के निर्माण का आह्वान
- संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अर्पित किए पुष्प
नई दिल्ली। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर देश के कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, नितिन नवीन और सोनिया गांधी सहित अनेक सांसद एवं पूर्व सांसद उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने युवाओं से सरदार पटेल के जीवन, विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा, नवाचार और सामूहिक प्रयासों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता मजबूत करने तथा विकसित भारत के निर्माण में लगाना चाहिए।
उन्होंने सरदार पटेल की दूरदृष्टि, दृढ़ संकल्प, असाधारण संगठनात्मक क्षमता और निर्णायक नेतृत्व को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया।
ओम बिरला ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश के सामने अनेक चुनौतियां थीं। विषम परिस्थितियों के बावजूद सरदार पटेल के नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति से 562 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण संभव हुआ। आज देश की एकता और अखंडता में उनके योगदान की ऐतिहासिक भूमिका सदैव याद रखी जाएगी।



