- पुलिस से कार्रवाई की मांग

मानसिक शोषण और मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेजने का आरोप, पालिका चेयरमैन के पति राजीव गुप्ता का भी लिया नाम

शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। शिकोहाबाद में भाजपा के पूर्व महामंत्री अतुल गुप्ता को लेकर एक समाजसेविका महिला के गंभीर आरोपों से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। महिला संगीता ने अतुल गुप्ता पर मानसिक शोषण करने और मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेजने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

महिला का आरोप है कि अतुल गुप्ता द्वारा उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया गया। उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में साक्ष्य होने का दावा करते हुए सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखी। महिला का कहना है कि वह अपने बयान पर कायम हैं और मामले में निष्पक्ष जांच चाहती हैं।

इस प्रकरण में शिकोहाबाद नगर पालिका अध्यक्ष रानी गुप्ता के पति राजीव गुप्ता का नाम भी सामने आया है। महिला का आरोप है कि उनकी ओर से समझौते की पैरवी की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

महिला के आरोपों के बाद शिकोहाबाद की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

पीड़िता संगीता ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।