युवा वाहिनी और मंच के पदाधिकारियों ने किया माल्यार्पण
फर्रुखाबाद। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सरदार पटेल युवा वाहिनी और सरदार पटेल युवा मंच के पदाधिकारियों ने पटेल पार्क पहुंचकर सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान सैकड़ों पटेल अनुयायी मौजूद रहे। सभी ने सरदार पटेल के विचारों, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में सरदार पटेल युवा वाहिनी के अध्यक्ष अंशुल कटियार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की मिसाल है। उन्होंने देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। आज की युवा पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में एकता, शिक्षा और भाईचारे को बढ़ावा देना चाहिए।
वहीं, सरदार पटेल युवा मंच के अध्यक्ष गौरव कटियार ने कहा कि सरदार पटेल केवल एक महापुरुष नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों को केवल जयंती मनाने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उनके विचारों को अपने व्यवहार और जीवन में उतारना जरूरी है। युवाओं को समाज को संगठित करने और देश की एकता एवं अखंडता मजबूत बनाने के लिए आगे आना चाहिए।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल का योगदान भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा। उनके विचार आज भी देश को एकता, अखंडता और मजबूत नेतृत्व का संदेश देते हैं। कार्यक्रम में सैकड़ों पटेल अनुयायियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर लौह पुरुष को श्रद्धांजलि दी और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

