- जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार ने किया शिविर का शुभारंभ, पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण

- छात्र-छात्राओं ने भाषण और नुक्कड़ नाटक से संविधान व नागरिक कर्तव्यों का दिया संदेश

फर्रुखाबाद। आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में फतेहगढ़ स्थित ऑफिसर क्लब में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नीरज कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिविर का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान जनपद न्यायाधीश सहित उपस्थित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों और प्रदर्शनी का निरीक्षण किया।

शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर मौके पर ही विभिन्न योजनाओं के लिए पंजीकरण भी कराया गया।

कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज वरिष्ठ खंड बिन्दिया भटनागर ने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल कानूनी अधिकारों की जानकारी देना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक न्याय की पहुंच आसान बनाना भी है। विभिन्न विभागों के सहयोग से पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें एक ही स्थान पर जरूरी जानकारी और सुविधाएं मिल सकें।

शिविर में विधि विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों, विधिक नियमों और कानून के पालन के महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी समाज को जागरूकता का संदेश दिया गया।

प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए बताया कि जागरूक नागरिक ही सशक्त समाज और मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला होता है। संविधान जहां प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करता है, वहीं राष्ट्र और समाज के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन करना भी हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में बेहतर प्रस्तुतियां देने वाले छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों को जनपद न्यायाधीश तथा न्यायिक अधिकारियों ने प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इससे प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी सदर अभय वर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुभाष राजपूत सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विधि विद्यालयों के विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।