फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान इमरजेंसी के पर्चा काउंटर पर कर्मचारी नदारद मिला। काउंटर खाली देखकर सीएमएस ने नाराजगी जताई और तत्काल कर्मचारी को वहां भेजने के निर्देश दिए। उनके निर्देश के करीब दो मिनट बाद कर्मचारी काउंटर पर पहुंचा और मरीज का पर्चा बनाया।
सीएमएस ने निरीक्षण की शुरुआत ओपीडी से की। यहां उन्होंने मरीजों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद वह इमरजेंसी पहुंचे और वार्ड में भर्ती मरीजों से उनके इलाज तथा मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसी दौरान इमरजेंसी गेट पर एक मरीज के तीमारदार ने उन्हें फाइल देते हुए पर्चा बनवाने की बात कही। सीएमएस ने तीमारदार को पर्चा काउंटर की ओर जाने का इशारा किया, लेकिन तीमारदार ने बताया कि काउंटर पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं है।
यह सुनते ही सीएमएस ने काउंटर की स्थिति देखी और तत्काल कर्मचारी को बुलाकर ड्यूटी पर पहुंचने के निर्देश दिए। करीब दो मिनट बाद कर्मचारी पहुंचा और मरीज का पर्चा बनाया गया। इस दौरान सीएमएस ने कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर भी ध्यान दिया। उन्होंने इमरजेंसी के अंदर उपलब्ध संसाधनों का निरीक्षण किया। वहां एक मॉनिटर चालू हालत में मिला, जिस पर उन्होंने उसे बंद करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सीएमएस अस्पताल के प्रथम तल पर बने वार्ड में पहुंचे। यहां उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर डॉक्टरों के नियमित राउंड, समय पर इलाज मिलने और अस्पताल की अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों से यह भी पूछा कि उन्हें उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। साथ ही वार्ड में तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति और उनकी ड्यूटी के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सीएमएस ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी देखी। उन्होंने विभिन्न विभागों में उपलब्ध व्यवस्थाओं को परखा और जहां कमियां नजर आईं, वहां संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सीएमएस ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा मरीजों को समय पर उपचार और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।




