फर्जी बैंक खातों में ठगी की रकम मंगाकर एटीएम से निकालते थे आरोपी, विभिन्न राज्यों और जनपदों में दर्ज हैं 14 साइबर शिकायतें

फर्रुखाबाद। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम फतेहगढ़ पुलिस ने ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 10 एटीएम कार्ड, पांच बैंक पासबुक, दो बैंक खाता खोलने के आवेदन पत्र, मोबाइल स्क्रीनशॉट, विभिन्न क्यूआर कोड और 14 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस की जांच में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न राज्यों और जनपदों में कुल 14 साइबर अपराध संबंधी शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर थाना साइबर क्राइम फतेहगढ़ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की।

गिरफ्तार आरोपियों में रितिक कश्यप पुत्र राजू कश्यप निवासी मोहल्ला भोपतपट्टी श्यामनगर थाना कादरी गेट, लखन सिंह पुत्र रमेश सिंह तथा शिवम सिंह पुत्र महेंद्र पाल सिंह निवासी ग्राम गुडेरा थाना अमृतपुर शामिल हैं।

पुलिस की पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपी जस्टडायल ऐप के माध्यम से ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों को अपने झांसे में लेते थे। इसके बाद साइबर ठगी के जरिए प्राप्त धनराशि ऐसे बैंक खातों में जमा कराई जाती थी, जो कथित तौर पर दूसरे व्यक्तियों के नाम पर फर्जी तरीके से संचालित किए जा रहे थे। आरोपियों द्वारा इन बैंक खातों से जुड़े एटीएम कार्ड और यूपीआई आईडी में अपने फर्जी मोबाइल नंबर दर्ज कराए जाते थे। बैंक खातों से संबंधित एटीएम कार्ड आरोपियों के कब्जे में रहते थे, जिनके माध्यम से खातों में जमा ठगी की रकम निकाल ली जाती थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 10 एटीएम कार्ड, पांच बैंक पासबुक, दो बैंक खाता खोलने के आवेदन पत्र, मोबाइल स्क्रीनशॉट, विभिन्न क्यूआर कोड और 14 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना साइबर क्राइम फतेहगढ़ में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी लखन सिंह के विरुद्ध आबकारी अधिनियम और धोखाधड़ी से संबंधित मुकदमे थाना अमृतपुर जनपद फर्रुखाबाद तथा थाना रोजा और सदर बाजार जनपद शाहजहांपुर में दर्ज हैं। वहीं शिवम उर्फ दीपू के विरुद्ध थाना जलालाबाद जनपद शाहजहांपुर में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। रितिक कश्यप के विरुद्ध थाना साइबर क्राइम फतेहगढ़ में वर्तमान मुकदमा दर्ज है।

इस कार्रवाई में थाना साइबर क्राइम के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक सुबोध यादव, मुख्य आरक्षी रविन्द्र प्रताप सिंह तथा आरक्षी अंकित आर्य, रामपति, गौरीशंकर और अनुराग लाम्बा शामिल रहे। पुलिस साइबर ठगी से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।