नवाबगंज थाना क्षेत्र में खेत में समरसेबल का कुलावा बनाने का विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिवार के ही चार लोगों ने महिला के खेत में ट्यूबवेल की पाइपलाइन का निकास बना दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की। पत्नी को बचाने पहुंचे पति के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित दंपति ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव सलेमपुर निवासी प्रवीना देवी पत्नी प्रशांत कुमार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपने खेत पर किसी काम से गई थीं। वहां पहले से मौजूद परिवार के ही चार लोगों ने अपने ट्यूबवेल की पाइपलाइन का निकास प्रवीना देवी के खेत में बना दिया।
आरोप है कि जब प्रवीना देवी ने इसका विरोध किया तो चारों लोग उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने एकराय होकर महिला के साथ लात-घूंसों से मारपीट कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे पति प्रशांत कुमार ने जब पत्नी को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
घटना के बाद पीड़ित दंपति थाना नवाबगंज पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
अपराध प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन पाल ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



