कमालगंज संवाददाता। कमालगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह आरपी डिग्री कॉलेज के पास एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक की पहचान जहानगंज थाना क्षेत्र के बंदरखेड़ा निवासी दीपचंद पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर यूपी-112 की दो गाड़ियां और कमालगंज थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
परिजनों के अनुसार दीपचंद करीब 14 दिन पहले घर से निकला था। वह अक्सर कई-कई दिनों तक घर से बाहर रहता था। परिजनों ने बताया कि वह शराब का सेवन करता था और उसके दाहिने पैर में सेप्टिक की समस्या थी।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष दीपक त्रिवेदी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर जांच की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।




