- 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन का मौका, 120 अंकों के आधार पर होगा मूल्यांकन
- 20 अंक साक्षात्कार के निर्धारित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से राज्य अध्यापक पुरस्कार और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए आवेदन प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू की जाएगी। माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य और शिक्षक 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। चयन प्रक्रिया में शिक्षकों के शैक्षणिक योगदान, विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के प्रदर्शन को प्रमुख आधार बनाया जाएगा।
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार राजकीय, सहायता प्राप्त और संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चुना जाएगा। वहीं वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक शिक्षक और प्रधानाचार्य यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
प्रधानाचार्यों और शिक्षकों के चयन के लिए कुल 120 अंक निर्धारित किए गए हैं। इनमें 20 अंक साक्षात्कार के होंगे। मूल्यांकन के दौरान शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्य, विद्यार्थियों की उपस्थिति, विद्यालय के परीक्षा परिणाम और उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों को आधार बनाया जाएगा।
इस पुरस्कार योजना का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को प्रोत्साहित करना है। चयन प्रक्रिया में विद्यालयों में किए गए नवाचार, शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका का आकलन किया जाएगा।



