- प्रमुख सचिव एम. देवराज ने जारी किए निर्देश, प्रशिक्षण पूरा कराने के लिए विभागीय बैठकें नहीं करने की हिदायत

लखनऊ। प्रदेश सरकार ने मिशन कर्मयोगी के तहत सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समयसीमा में दो ऑनलाइन प्रशिक्षण कोर्स पूरे करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए 6 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। निर्देशों के अनुसार सभी विभागों को अपने अधिकारियों और कर्मचारियों से निर्धारित दोनों कोर्स समयसीमा के भीतर पूरा कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

शासन ने प्रशिक्षण अभियान को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिया है कि निर्धारित अवधि में कोर्स पूरा कराने के लिए विभागीय बैठकें आयोजित न की जाएं, ताकि अधिकारी और कर्मचारी अपना समय ऑनलाइन प्रशिक्षण पूरा करने में लगा सकें।

मिशन कर्मयोगी के तहत प्रशिक्षण पूरा करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की संख्या में 1,09,938 की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, अब भी बड़ी संख्या में ऐसे यूजर सक्रिय नहीं हैं, जिन्होंने एक भी प्रशिक्षण कोर्स पूरा नहीं किया है।

शासन का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों की कार्यक्षमता, प्रशासनिक दक्षता और जनसेवा की गुणवत्ता में सुधार करना है। इसी क्रम में सभी विभागों को प्रशिक्षण कार्यक्रम को गंभीरता से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।