- मेरठ में 18 जिलों की होगी समीक्षा
- वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग करेंगे समीक्षा बैठक की अध्यक्षता
- मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा भी रहेंगे मौजूद
- कानून-व्यवस्था से लेकर निर्वाचन व्यवस्थाओं तक की होगी पड़ताल
मेरठ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में 2 नवंबर 2026 को मेरठ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 18 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की व्यापक समीक्षा की जाएगी। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग और आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
समीक्षा बैठक मेरठ स्थित ऊर्जा भवन, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम, जेल चुंगी रोड, साकेत में पूर्वाह्न 10:30 बजे आयोजित होगी। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
बैठक में मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडलों के अंतर्गत आने वाले 18 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इनमें मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, अमरोहा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, अलीगढ़, एटा, हाथरस और कासगंज शामिल हैं।
समीक्षा बैठक में संबंधित मंडलों के मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक प्रतिभाग करेंगे।
बैठक के दौरान संबंधित जनपदों के अधिकारी निर्वाचन तैयारियों की प्रगति और व्यवस्थाओं से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से देंगे।
आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन संबंधी तैयारियों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और पुलिस विभाग की कार्ययोजना की समीक्षा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आयोग की इस बैठक के माध्यम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 18 जिलों में चुनावी तैयारियों की स्थिति का आकलन किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग की यह कवायद वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों का हिस्सा है।




