- काम बंद कर सड़क पर उतरे

- बड़े चौराहे से नगर पालिका कार्यालय तक निकाला जुलूस

- बकाया वेतन और बोनस भुगतान की मांग पर अड़े कर्मचारी

- बोले- अब आश्वासन नहीं, भुगतान चाहिए

हरदोई। नगर पालिका परिषद में कार्यरत करीब 400 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का तीन महीने से वेतन और बोनस नहीं मिलने पर सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। आर्थिक संकट से जूझ रहे कर्मचारियों ने काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। इसके बाद सभी कर्मचारी बड़े चौराहे पर एकत्र हुए और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में कार्यालय पहुंच गए।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने बकाया तीन महीने का वेतन और बोनस तत्काल दिलाए जाने की मांग उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ नगर पालिका के विभिन्न कार्यों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, घर का किराया और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए भी उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वेतन भुगतान को लेकर पहले भी कई बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की गई। हर बार जल्द भुगतान कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बावजूद उनके खातों में वेतन की धनराशि नहीं पहुंची। लगातार मिल रहे आश्वासनों से कर्मचारियों का भरोसा भी अब जवाब देने लगा है।

नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों ने अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखीं। अधिकारियों की ओर से एक बार फिर जल्द भुगतान कराने का भरोसा दिया गया, लेकिन कर्मचारियों ने दो टूक कहा कि अब आश्वासन से काम नहीं चलेगा। जब तक बकाया वेतन और बोनस का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

करीब 400 कर्मचारियों के काम बंद कर हड़ताल पर चले जाने से नगर पालिका की सफाई व्यवस्था समेत अन्य दैनिक कार्यों पर असर पड़ने की आशंका है। शहर की सफाई, कूड़ा उठान और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य प्रभावित हो सकते हैं।