फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना मक्खनपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही एक्सेंट कार से टकरा गई। टक्कर के बाद स्विफ्ट डिजायर सड़क पर पलट गई। हादसे में कार चला रहीं सोनम चतुर्वेदी (45) की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, सोनम चतुर्वेदी बुधवार सुबह अपनी कार से जा रही थीं। इसी दौरान मक्खनपुर थाना क्षेत्र में उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही एक्सेंट कार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पलट गई और उसमें सवार सोनम गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में सोनम चतुर्वेदी की मौत की पुष्टि हुई। वह फिरोजाबाद की निवासी थीं और कंज्यूमर कोर्ट में सदस्य के पद पर कार्यरत थीं।

कंज्यूमर कोर्ट सदस्य की अचानक हुई मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।