- 7 नवंबर को दीपोत्सव के मद्देनजर लखनऊ में यातायात व्यवस्था बदलेगी
- सीतापुर, हरदोई और कानपुर रोड से आने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से जाना होगा
लखनऊ। अयोध्या में 7 नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत 6 नवंबर की रात से 8 नवंबर की रात 12 बजे तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। इस दौरान अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों को निर्धारित मार्गों से आवागमन करना होगा।
सीतापुर, हरदोई और कानपुर रोड से आने वाले भारी वाहनों के बाराबंकी होकर अयोध्या जाने पर रोक रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
सीतापुर रोड से आने वाले भारी वाहन किसान पथ, सुलतानपुर रोड और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
हरदोई रोड से आने वाले भारी वाहन किसान पथ अंडरपास से किसान पथ होते हुए सुलतानपुर रोड और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते आगे जाएंगे।
कानपुर रोड से आने वाले भारी वाहनों को फतेहपुर, लालगंज, बछरावां और हैदरगढ़ होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते आवागमन करना होगा।
डायवर्जन अवधि में अयोध्या के साथ बस्ती और गोरखपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले निर्धारित मार्गों की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके।



