टेक्सास से बहामास जा रहा था विमान; क्रैश से पहले पायलट ने दी थी 'मेडे' कॉल, 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
फ्लोरिडा। अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बिजनेस जेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। AFP के मुताबिक, विमान टेक्सास से बहामास जा रहा था। दुर्घटना से कुछ समय पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को आपात संदेश भेजते हुए विमान के तेजी से नीचे गिरने की जानकारी दी थी। इसके कुछ ही देर बाद विमान सड़क के पास जमीन से टकरा गया और आग लग गई।
हादसे से पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को 'मेडे' कॉल दी थी। सामने आई रेडियो बातचीत के मुताबिक, पायलट ने खराब मौसम, विमान पर बर्फ जमने और तेज झटके लगने की जानकारी दी। उसने अतिरिक्त ऊंचाई पर जाने की अनुमति भी मांगी, लेकिन स्थिति बिगड़ती चली गई। पायलट ने बताया कि विमान तेजी से नीचे गिर रहा है और जमीन से टकराने का खतरा है।
टक्कर के बाद घटनास्थल पर आग फैल गई और आसपास काला धुआं दिखाई देने लगा। सड़क का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की जगह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मार-ए-लागो आवास से करीब 14 किलोमीटर दूर बताई गई है। फ्लोरिडा के अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के प्रभाव से करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया और उनके लिए दो राहत केंद्र बनाए गए।
अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 12 बजकर 50 मिनट पर हुआ। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने जांच में सहायता के लिए अपनी टीम भेजी है, जो नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के साथ मिलकर दुर्घटना के कारणों की जांच करेगी। हादसे के समय इलाके में बारिश और गरज-चमक के साथ तूफानी मौसम था, लेकिन खराब मौसम को दुर्घटना की वजह होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।




