- तीन युवकों ने मौके पर तोड़ा दम; लखनऊ में इलाज के दौरान चौथे की भी मौत
बाराबंकी/रामसनेहीघाट। अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। बैसनपुरवा मोड़ के पास तेज रफ्तार टाटा सफारी ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई। तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल चौथे युवक की सोमवार को लखनऊ के लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दलसिंहपुर निवासी अनूप कुमार रावत (26), विमलेश यादव (22), अनिल (23) और गयाप्रसाद उर्फ बुच्ची (30) रविवार को दुर्गा पूजा के भंडारे में शामिल होने के बाद दो बाइकों से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बैसनपुरवा मोड़ के पास तेज रफ्तार टाटा सफारी ने उनकी बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में अनूप, विमलेश और अनिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गयाप्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल गयाप्रसाद को उपचार के लिए लखनऊ के लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद सोमवार को उन्होंने भी दम तोड़ दिया। चौथे युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया।
एक साथ चार युवकों की मौत से दलसिंहपुर गांव में मातम छाया हुआ है। जिन घरों में कुछ समय पहले तक हंसी-खुशी का माहौल था, वहां अब चीख-पुकार सुनाई दे रही है। ग्रामीणों और परिचितों की आंखें नम हैं। हर कोई इस हादसे को लेकर स्तब्ध है।
हादसे की जानकारी मिलने पर राज्य मंत्री सतीश शर्मा शोक संतप्त परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस कठिन समय में परिवारों को ढांढस बंधाया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टाटा सफारी को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। चार दोस्तों की एक साथ हुई मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।




