पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
अमृतपुर
थाना राजेपुर क्षेत्र के जमापुर मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में घायल के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद थाना क्षेत्र के चचुपुर मझटोरा निवासी राजाराम पुत्र चंपू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र मुनीश बीती 14 अक्टूबर को शाम करीब छह से सात बजे के बीच फिरोज के साथ बाइक से कोल्ड स्टोर से घर लौट रहा था। बाइक मुनीश चला रहा था। जैसे ही दोनों जमापुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी शाहजहांपुर की ओर से फर्रुखाबाद जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाही से बाइक में सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार फिरोज दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। राजाराम के मुताबिक, पुत्र के उपचार में व्यस्त रहने के कारण वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सके और बाद में पुलिस को तहरीर दी।पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक महेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।



