- ग्राहकों के खातों से अनधिकृत निकासी का आरोप, सीबीआई खंगाल रही करोड़ों रुपये के लेन-देन का नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा। पंजाब नेशनल बैंक की सेक्टर पाई-1 शाखा में 10.24 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने बैंक की महिला कर्मचारी दीपांशी और एक निजी व्यक्ति आशुतोष कुमार पाठक को गिरफ्तार किया है। दोनों पर बैंक ग्राहकों के खातों से अनधिकृत तरीके से रकम निकालने और दूसरे खातों में ट्रांसफर करने में मिलीभगत का आरोप है।
सीबीआई के मुताबिक, इस मामले में 29 अक्टूबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बैंक की शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शाखा के विभिन्न ग्राहकों के खातों से करीब 10.24 करोड़ रुपये की अनधिकृत निकासी की गई। इस कथित धोखाधड़ी में बैंक कर्मचारी ने एक निजी व्यक्ति और अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर रकम निकाली।
शिकायत के आधार पर सीबीआई ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान बैंक कर्मचारी दीपांशी और निजी व्यक्ति आशुतोष कुमार पाठक को गिरफ्तार किया गया। निजी व्यक्ति को पुणे की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया, जहां से सीबीआई ने उसका ट्रांजिट रिमांड हासिल किया।
सीबीआई अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि ग्राहकों के खातों से निकाली गई 10.24 करोड़ रुपये की रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर की गई और इस कथित धोखाधड़ी में अन्य कौन लोग शामिल हैं। एजेंसी बैंक के भीतर और बाहर सक्रिय संभावित नेटवर्क की भूमिका भी खंगाल रही है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद बैंकिंग व्यवस्था में ग्राहकों की जमा पूंजी की सुरक्षा और खातों की निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।



