फर्रुखाबाद। शहर के लिंजीगंज बाजार में मंगलवार शाम ओवरलोड मक्का से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण करीब 40 मिनट तक जाम लगा रहा। बाजार से निकलते समय ट्रैक्टर का इंजन एक दुकान की दीवार से टकरा गया। इसको लेकर दुकानदार ने विरोध जताया तो ट्रैक्टर चालक और दुकानदार के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों में हाथापाई की नौबत आ गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे मक्का से भरी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली लिंजीगंज बाजार से गुजर रही थी। ट्रॉली में अधिक मात्रा में मक्का लदा होने के कारण उसे संकरे बाजार से निकालने में परेशानी हो रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर का इंजन एक दुकान की दीवार से टकरा गया। इससे नाराज दुकानदार ने चालक को रोककर विरोध जताया।

इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। कहासुनी बढ़ने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। विवाद के चलते बाजार में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और देखते ही देखते जाम लग गया। बाजार में फंसे राहगीरों और दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाजार से निकालने के लिए उसमें लदे मक्का के बोरों को उतरवाना पड़ा। इसके बाद ट्रैक्टर को आगे निकाला जा सका। इस पूरी घटना के चलते करीब 40 मिनट तक बाजार में यातायात बाधित रहा।

घटना के दौरान बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में भारी और ओवरलोड वाहनों के प्रवेश से अक्सर जाम की स्थिति पैदा होती है। संकरे रास्तों पर ऐसे वाहनों के गुजरने से दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है।

स्थानीय लोगों ने बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण लगाने और यातायात व्यवस्था बेहतर करने की मांग की है।