लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की ओर से आगामी 6 दिसंबर को लखनऊ स्थित अंबेडकर पार्क में प्रस्तावित रैली को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा पार्क पहुंचे। उन्होंने मौके पर साफ-सफाई, रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पार्क की जर्जर हालत देखकर सतीश चंद्र मिश्रा ने नाराजगी जताई। उन्होंने पार्क में साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति पर सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने एलडीए (लखनऊ विकास प्राधिकरण) के उपाध्यक्ष को फोन कर पार्क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने की आवश्यकता बताई।
दरअसल, 6 दिसंबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर बसपा की ओर से यहां विशाल श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बसपा सुप्रीमो मायावती के भी शामिल होने का कार्यक्रम है। इसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।
बसपा नेतृत्व आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियों में जुटा है। ऐसे में पार्क की साफ-सफाई, मरम्मत और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।



