पटना। बिहार में शराब की बड़ी खेप पकड़े जाने के बावजूद संबंधित शराब कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में विवाद खड़ा हो गया है। विभाग के मंत्री मदन सहनी और विभागीय सचिव संजय कुमार सिंह के बीच इस मुद्दे पर मतभेद सामने आए हैं। मामला अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तक पहुंच गया है।
जानकारी के मुताबिक, राज्य में लगातार शराब की बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद संबंधित कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है। इसी मुद्दे पर मंत्री और विभागीय अधिकारियों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। मंत्री का मानना है कि शराब की आपूर्ति और उससे जुड़े मामलों में जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित कंपनियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मंत्री मदन सहनी ने अपने ही विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को शिकायती पत्र सौंपकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। पत्र में विभागीय स्तर पर कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवालों और अधिकारियों के रवैये का मुद्दा उठाया गया है।
इस विवाद के मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद बिहार के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। अब सबकी नजर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के रुख और विभागीय स्तर पर होने वाली अगली कार्रवाई पर टिकी है। माना जा रहा है कि इस मामले में सरकार जल्द ही स्थिति स्पष्ट कर सकती है।




