- 28 अक्टूबर को युवक की गोली मारकर की गई थी हत्या, थाना हाईवे पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई
- तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के गांव महोली में हुए चर्चित हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 28 अक्टूबर को युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी विशाल उर्फ विकास को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, महोली गांव में 28 अक्टूबर को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद से ही पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी थी। मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना हाईवे पुलिस तथा एसओजी टीम को लगाया गया था।
इसी क्रम में संयुक्त पुलिस टीम की आरोपी से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में विशाल उर्फ विकास के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने मुठभेड़ और आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि थाना हाईवे पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




