राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ और बीटीसी शिक्षक संघ ने उठाई आवाज, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को त्योहार पर अवकाश देने की मांग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नरक चतुर्दशी और गोवर्धन पूजा के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग तेज हो गई है। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर 7 नवंबर को नरक चतुर्दशी और 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है।
संगठन का कहना है कि दोनों पर्वों के दिन कार्यदिवस होने से शिक्षकों, सरकारी कर्मचारियों और विद्यार्थियों को परिवार के साथ त्योहार मनाने में परेशानी होगी। दीपावली के आसपास लगातार धार्मिक और पारिवारिक कार्यक्रम होते हैं। ऐसे में दोनों पर्वों पर अवकाश मिलने से लोगों को त्योहार मनाने में सुविधा होगी।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि पिछले वर्ष नरक चतुर्दशी पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था, लेकिन इस बार अवकाश नहीं दिया गया है। संगठन ने सरकार से पिछले वर्ष की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस बार भी छुट्टी घोषित करने का अनुरोध किया है।
वहीं उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ ने भी दोनों पर्वों पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग का समर्थन किया है।
अब शिक्षकों और कर्मचारियों की निगाहें शासन के फैसले पर टिकी हैं। हालांकि, फिलहाल दोनों दिनों की छुट्टी को लेकर संगठनों ने मांग की है, सरकार की ओर से अवकाश घोषित किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।




