- जिओ , एयरटेल और वीआई की इंटरनेट स्पीड व कॉल क्वालिटी की कर सकेंगे तुलना
- अपने इलाके की नेटवर्क रिपोर्ट देख सकेंगे उपभोक्ता
नई दिल्ली। मोबाइल नेटवर्क कंपनियों के बड़े-बड़े दावों के बीच अब उपभोक्ता अपने क्षेत्र में वास्तविक नेटवर्क की स्थिति खुद जान सकेंगे। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने ‘नेटवर्क अनुभव’ नाम से नया प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इसके माध्यम से मोबाइल उपभोक्ता अपने इलाके में अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियों के नेटवर्क की गुणवत्ता और इंटरनेट स्पीड की तुलना कर सकेंगे।
इस प्लेटफॉर्म पर लोकेशन के आधार पर जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया के नेटवर्क की डाउनलोड और अपलोड स्पीड के साथ कॉल क्वालिटी की जानकारी उपलब्ध होगी। उपभोक्ता अपने क्षेत्र में किस कंपनी का नेटवर्क बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, इसका आकलन कर सकेंगे।
प्लेटफॉर्म पर मोबाइल इंटरनेट के अलावा ब्रॉडबैंड सेवाओं की स्पीड और नेटवर्क कवरेज से जुड़ी जानकारी भी मिलेगी। ट्राई की ओर से किए गए स्वतंत्र नेटवर्क परीक्षण के परिणाम भी उपलब्ध होंगे।
नेटवर्क जानकारी के साथ प्लेटफॉर्म पर डू नॉट डिस्टर्ब (डीएनडी) से जुड़ी सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उपभोक्ता स्पैम कॉल और अनचाहे संदेशों की शिकायत दर्ज कराने के साथ उनकी स्थिति भी ऑनलाइन देख सकेंगे।
इस पहल से उन क्षेत्रों की पहचान करने में मदद मिलेगी, जहां मोबाइल नेटवर्क कमजोर है या इंटरनेट की गति निर्धारित स्तर से कम है। इससे दूरसंचार कंपनियों को नेटवर्क संबंधी कमियों को दूर करने और सेवाओं में सुधार करने में सहायता मिल सकती है।
अब उपभोक्ताओं को केवल कंपनियों के विज्ञापनों और नेटवर्क संबंधी दावों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि वे अपने क्षेत्र की उपलब्ध नेटवर्क रिपोर्ट के आधार पर बेहतर सेवा का आकलन कर सकेंगे।
यूथ इंडिया — सच की दहकती आग




