लखनऊ: समाजवादी पार्टी (SP) के प्रदेश मुख्यालय (state headquarters) के बाहर बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Storyteller Dhirendra Krishna Shastri) के खिलाफ विवादित होर्डिंग लगाए गए हैं, जिसने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। जो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। होर्डिंग में धीरेंद्र शास्त्री को कथावाचक नहीं, ढोंगी पाखंडी व्यापारी बताया गया है।
भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराम पर धीरेंद्र शास्त्री द्वारा की गई हालिया टिप्पणियों से उपजे आक्रोश के बीच सपा छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव सुजीत यादव और सपा नेता रूपेश यादव द्वारा यह होर्डिंग लगवाया गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस होर्डिंग में एक तरफ भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की तस्वीरें हैं, तो दूसरी तरफ धीरेंद्र शास्त्री की फोटो पर लाल रंग से कट (क्रॉस) का निशान लगाया गया है।
होर्डिंग पर सीधे तौर पर धीरेंद्र शास्त्री को निशाना बनाते हुए लिखा गया है, “न प्रभु राम तुम्हारे हैं, न श्रीकृष्ण हमारे हैं, राम-कृष्ण तो इस संसार के प्यारे हैं, जो इनमें भेद बताये, वो कथावाचक नहीं, ढोंगी पाखंडी व्यापारी है।” होर्डिंग लगवाने वाले सपा नेता सुजीत यादव का साफ कहना है कि कथा के नाम पर व्यापार करने वाले लोग देवी-देवताओं का घोर अपमान कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री ने पहले भगवान श्रीकृष्ण का अपमान किया और अब वह भगवान श्रीराम का भी अपमान कर रहे हैं।
सुजीत यादव के मुताबिक ऐसे लोग कथावाचक नहीं बल्कि शुद्ध रूप से व्यापारी हैं, जो धर्म की आड़ में समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने सनातन धर्म को मानने वाले लोगों से अपील की है कि वे समाज में दरार पैदा करने वाले ऐसे व्यापारिक कथावाचकों से पूरी तरह दूरी बना लें।




