फर्रुखाबाद। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। दूसरे जिलों से आई चार से पांच टीमें जनपद में अलग-अलग स्थानों पर मिठाई की दुकानों और गोदामों की जांच कर रही हैं। बुधवार दोपहर औरैया से आई टीम ने फतेहगढ़ स्थित एक मिष्ठान भंडार पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों की जांच की और खोया व लड्डू के दो नमूने लिए।
खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित दुकानों की सूची लखनऊ से प्राप्त हुई है। इसी के आधार पर दूसरे जिलों की टीमों को फर्रुखाबाद भेजकर नमूने लेने की जिम्मेदारी दी गई है। जांच के दौरान दुकानों पर पाई जाने वाली अन्य कमियों को लेकर भी नोटिस जारी किए जाएंगे।
इसके बाद टीम आवास विकास स्थित एक स्वीट्स हाउस के गोदाम पहुंची, जहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि गोदाम में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली।
लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। दीपावली को देखते हुए शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय जांच अभियान जारी है।




