लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अपना खुद का घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) जल्द ही चार नई आवासीय योजनाएं लॉन्च करने की तैयारी में है। इन योजनाओं के तहत करीब दो लाख भूखंड विकसित किए जाएंगे, जिससे राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में लगभग आठ लाख लोगों को आवासीय सुविधा मिलने की उम्मीद है। एलडीए की इन योजनाओं के लॉन्च होने से लंबे समय से अपने आशियाने का इंतजार कर रहे लोगों को जमीन खरीदने का नया अवसर मिल सकता है।
जानकारी के मुताबिक, एलडीए की प्रस्तावित चार आवासीय योजनाओं में वेलनेस सिटी, आईटी सिटी, वशिष्ठपुरम और प्रबंधनगर शामिल हैं। इन योजनाओं को अगले दो से तीन महीने में लॉन्च करने का प्रयास किया जा रहा है। सुल्तानपुर रोड पर विकसित होने वाली आईटी सिटी और वेलनेस सिटी के साथ आगरा एक्सप्रेसवे के पास प्रस्तावित वशिष्ठपुरम योजना को विधानसभा चुनाव से पहले लॉन्च करने की तैयारी है। वहीं सीतापुर रोड स्थित प्रबंधनगर योजना को भी जल्द जमीन पर उतारने की दिशा में काम किया जा रहा है।
एलडीए की वेलनेस सिटी योजना सुल्तानपुर रोड पर करीब 1200 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही है। इस योजना में जमीन की प्रस्तावित कीमत लगभग 5500 रुपये प्रति वर्गफीट बताई जा रही है। वहीं आईटी सिटी योजना भी सुल्तानपुर रोड पर करीब 1054 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित होगी। यहां भूखंडों की अनुमानित कीमत करीब 4200 रुपये प्रति वर्गफीट रखे जाने की जानकारी दी गई है।
आगरा एक्सप्रेसवे के पास विकसित होने वाली वशिष्ठपुरम योजना करीब 1035 एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित है। इस योजना में जमीन की कीमत लगभग 2800 रुपये प्रति वर्गफीट रहने की संभावना है। वहीं सीतापुर रोड पर प्रस्तावित प्रबंधनगर योजना करीब 840 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित की जानी है। यहां जमीन की प्रस्तावित कीमत करीब 4500 रुपये प्रति वर्गफीट बताई गई है।
प्रबंधनगर योजना की राह में फिलहाल हाईकोर्ट का स्टे एक बड़ी बाधा बना हुआ है। बताया जा रहा है कि ग्रीन बेल्ट की जमीन को योजना में शामिल करने को लेकर न्यायालय में मामला लंबित है। हालांकि एलडीए अधिकारियों का कहना है कि यदि ग्रीन बेल्ट की जमीन को योजना से अलग भी करना पड़ता है, तब भी प्रबंधनगर योजना को आगे बढ़ाया जा सकता है। अधिकारियों को इस मामले में आगे रास्ता निकलने की उम्मीद है।
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, प्राधिकरण की चार आवासीय योजनाएं लॉन्च करने की तैयारी चल रही है। इन योजनाओं में जरूरतमंद लोगों को भूखंड उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजनाओं की लॉन्चिंग अगले दो से तीन महीने में करने का लक्ष्य रखा गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले एलडीए 24 सितंबर को नैमिष नगर और वरुण विहार नाम से दो आवासीय योजनाएं लॉन्च कर चुका है। इन दोनों योजनाओं को लेकर भी लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला है। दोनों योजनाओं में करीब 4500 भूखंडों के लिए 35 हजार से अधिक लोगों ने आवेदन किया है। अब इन आवेदकों के बीच भूखंडों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जा रहा है।
नैमिष नगर योजना सीतापुर रोड पर और वरुण विहार योजना आगरा एक्सप्रेसवे के पास विकसित की जा रही है। दोनों योजनाओं के भूखंडों के आवंटन के लिए तीन दिवसीय लॉटरी प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इसमें अलग-अलग दिनों में विभिन्न आकार के भूखंडों की लॉटरी निकाली जा रही है। एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, पंजीकरण प्रक्रिया 27 अक्तूबर तक चली थी और इसके बाद आवंटन की प्रक्रिया शुरू की गई।


