- डीजी बिनोद कुमार सिंह ने दिए सभी पीआरवी 100 प्रतिशत उपलब्ध रखने के निर्देश
- हॉटस्पॉट चिह्नित कर तैयार होगा नया रूट चार्ट
लखनऊ। दीपावली के त्योहार को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस ने आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए यूपी-112 की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। डीजी यूपी-112 बिनोद कुमार सिंह ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) शत-प्रतिशत उपलब्ध रखी जाए।
डीजी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दीपावली की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पूर्व में हुई घटनाओं और आपातकालीन सूचनाओं के आधार पर थाना क्षेत्रवार संवेदनशील स्थानों और हॉटस्पॉट को चिह्नित किया जाए। इन स्थानों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पीआरवी तैनात रहें।
सभी जिलों को अपना संशोधित रूट चार्ट गुरुवार तक यूपी-112 मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके माध्यम से त्योहार के दौरान पुलिस वाहनों की तैनाती और उनकी उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
डीजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशक्ति की कमी या तकनीकी खराबी के कारण कोई भी पीआरवी बंद नहीं रहनी चाहिए। सभी वाहनों की नियमित जांच और तकनीकी स्थिति की निगरानी की जाए।
इसके साथ ही आरओआईपी पर पुलिसकर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, नियमित ब्रीफिंग और पीआरवी की चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है।
डीजी ने 16 अक्टूबर को जारी संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान आपातकालीन पुलिस सहायता पहुंचने में किसी तरह की देरी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
दीपावली के मद्देनजर यूपी-112 की इस विशेष तैयारी का उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना और त्योहार को सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है।




