- डीजीपी राजीव कृष्ण ने जारी किए निर्देश, प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों को आदेशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस मुख्यालय ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में 5 नवंबर से 17 नवंबर तक पुलिसकर्मियों की सभी छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। इस अवधि में पुलिसकर्मियों को विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अवकाश नहीं दिया जाएगा।

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण की ओर से इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के तहत प्रदेश के सभी डीजी, एडीजी, आईजी और डीआईजी को अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।

इसके अलावा सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे पुलिस बल की उपलब्धता बनाए रखें और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों के निर्वहन में किसी प्रकार की लापरवाही न होने दें।

पुलिस मुख्यालय के इस फैसले का उद्देश्य प्रदेशभर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर प्रभावी निगरानी रखना है।