शमशाबाद और ठंडी कुइयां चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मनाई खुशी, लगे ‘अनुप्रिया पटेल जिंदाबाद’ के नारे

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल को पुनः सर्वसम्मति से अपना दल (एस) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके दोबारा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की खुशी में पार्टी समर्थकों ने विभिन्न स्थानों पर मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर उत्साह के साथ जश्न मनाया। इस दौरान पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की गई।

इसी क्रम में दयानंद सरला देवी इंटर कॉलेज रजला मई के प्रबंधक एवं अपना दल (एस) के वरिष्ठ नेता सुबोध गंगवार के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में खुशी का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंगलवार को विद्यालय प्रांगण में एकत्रित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अनुप्रिया पटेल को पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर उत्सव मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

इस अवसर पर सुबोध गंगवार ने कहा कि अनुप्रिया पटेल के पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। उनके नेतृत्व में संगठन निरंतर मजबूत होगा तथा पार्टी जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के लिए यह गौरव और उत्साह का क्षण है।

विद्यालय परिसर के साथ ही कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग स्थित ठंडी कुइयां चौराहे पर भी अपना दल (एस) के पदाधिकारियों और समर्थकों ने मिष्ठान वितरण कर खुशी मनाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘अनुप्रिया पटेल जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारे लगाकर अपने उत्साह का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक एवं अपना दल (एस) नेता सुबोध गंगवार, वीरेंद्र कुमार, सुल्तान सिंह, जवाहरलाल जाटव, अभिनेंद्र गंगवार, अमन गंगवार, देव गंगवार, अभय, प्रदीप, प्रमोद गंगवार, सतीश चंद्रा और आशीष गंगवार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं अपना दल (एस) के नेता अंकित कुमार ने भी फैज बाग स्थित अपने प्रतिष्ठान पर समर्थकों के साथ अनुप्रिया पटेल के पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर खुशी मनाई। उन्होंने समर्थकों के साथ मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे को बधाई दी। इस मौके पर अंकित गंगवार, साकेत गंगवार, कल्लू गंगवार, मृदुल गंगवार, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मदारी गंगवार सहित तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अनुप्रिया पटेल के पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने इसे संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया।