कक्षा 5 की छात्रा को घर में अकेला पाकर पड़ोसी ने बनाया हवस का शिकार, हत्या की धमकी देकर चुप कराने का आरोप

औरैया। जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, कक्षा 5 में पढ़ने वाली बच्ची के साथ 30 अक्टूबर को कथित तौर पर उसके पड़ोस में रहने वाले एक अधेड़ व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। आरोप है कि बच्ची को घर में अकेला पाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद बच्ची डरी-सहमी रही। परिजनों द्वारा बार-बार पूछने पर उसने अपनी मां को आपबीती बताई। इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फफूंद थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।