मुंबई: बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana)  को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। खबरों के मुताबिक, एक्टर को एक अज्ञात शख्स ने ऑडियो मैसेज भेजा है। इस मैसेज में उसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi gang) से जुड़ा बताया और आयुष्मान से करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि आयुष्मान खुराना को किसी फोन कॉल या लिखित संदेश के बजाय एक वॉइस नोट के जरिए धमकी दी गई। इसमें भेजने वाले ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य होने का दावा करते हुए बड़ी रकम की मांग की। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि ऑडियो भेजने वाला वास्तव में किसी गैंग से जुड़ा है या नहीं। मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।

धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी भी आयुष्मान को धमकी भरा ऑडियो मिलने की पुष्टि कर चुके हैं। फिलहाल इस मामले में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की तकनीकी टीम ऑडियो मैसेज भेजने वाले की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि धमकी के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है या कोई शख्स गैंग का नाम लेकर डराने की कोशिश कर रहा है।

इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर को भी धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। उस मैसेज में खुद को एक गैंग से जुड़ा बताने वाले शख्स ने उनसे 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। शुरुआती जांच में उस ऑडियो क्लिप के फर्जी होने की आशंका जताई गई थी। अब आयुष्मान खुराना को मिले संदेश के बाद पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है कि कहीं दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध तो नहीं है। फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही धमकी के पीछे की असली वजह साफ हो पाएगी।