गांव के युवक पर लगाया आरोप, घटना के बाद मचा हड़कंप; पुलिस जांच में जुट

अमृतपुर संवाददाता

अमृतपुर फर्रुखाबाद थाना क्षेत्र के गांव कुम्हरौर में घर के दरवाजे पर सो रही 70 वर्षीय वृद्ध महिला के कानों से सोने के टॉप्स नोचने का मामला सामने आया है। घटना में महिला के कान घायल हो गए। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है।जानकारी के अनुसार गांव निवासी वृद्ध महिला विटोली अपने घर के दरवाजे पर तखत पर सो रही थीं। इसी दौरान आरोप है कि गांव का एक युवक पीछे से आया और उन्हें पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी पास में खड़ा रहा। महिला ने जब चीखना-चिल्लाना शुरू किया तो आरोपी उनके कानों में पहने सोने के टॉप्स खींचकर ले गया। टॉप्स खींचने से उनके कान घायल हो गए।

घटना के समय वृद्ध महिला का पुत्र रामनरेश खेत पर फसल की रखवाली करने गया था, जबकि उनके पति घर के अंदर सो रहे थे। बहू सत्यवती ने आरोप लगाया कि गांव का एक युवक पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है और उसी ने उनकी सास के कानों से टॉप्स नोचे हैं।घटना के बाद गांव के कुछ संभ्रांत लोगों ने आपसी समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन समझौता नहीं हो सका। इसके बाद मामला थाने पहुंच गया। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।