- जेसीपी कानून-व्यवस्था बबलू कुमार के नेतृत्व में निकला मार्च, अगले 10 दिनों तक बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ेगी पुलिस की सक्रियता
लखनऊ।दीपावली, धनतेरस, भैया दूज और छठ पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। इसी क्रम में हजरतगंज में पुलिस अधिकारियों ने पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मार्च का नेतृत्व जेसीपी कानून-व्यवस्था आईपीएस बबलू कुमार ने किया। इस दौरान डीसीपी सेंट्रल आईपीएस अर्पित विजयवर्गीय और एडीसीपी ट्रैफिक राघवेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
जेसीपी बबलू कुमार ने बताया कि आगामी 10 दिनों तक त्योहारों को देखते हुए पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है। सभी जोन में डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों को पैदल गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख बाजारों में पुलिस अधिकारी व्यापारियों से संवाद कर रहे हैं, ताकि उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं और सुझावों को जाना जा सके।
उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी। त्योहारों के दौरान लगातार गश्त और पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं। व्यापारियों और आम नागरिकों के मन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना पुलिस की प्राथमिकता है।
बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक टीमों की तैनाती की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने और सभी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है।



