- 8 से 27 नवंबर के बीच धमाकों की चेतावनी; अयोध्या और अंबेडकरनगर के शिक्षण संस्थानों को भी भेजे गए धमकी भरे संदेश
- एटीएस और साइबर पुलिस जांच में जुटीं
अयोध्या/लखनऊ। अयोध्या, मथुरा और काशी स्थित मंदिरों को बम धमाकों से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में सतर्कता बढ़ गई है। खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजे गए कथित धमकी भरे ई-मेल में 8 से 27 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर धमाके करने की चेतावनी दी गई है। ई-मेल कुछ शिक्षण संस्थानों को भी भेजे गए हैं।
जानकारी के अनुसार, अयोध्या की परमा एकेडमी के अलावा अंबेडकरनगर के रेडियंट कॉलेज और नवदीप कॉलेज को भी धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए हैं। संदेश में 8 नवंबर को सुबह 9:11 बजे से 11:11 बजे के बीच मंदिर में धमाका करने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही लोगों को मंदिरों में न जाने और अभिभावकों को बच्चों को स्कूल न भेजने की धमकी दी गई है।
ई-मेल में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। स्कूल प्रबंधन की शिकायत के बाद एटीएस और साइबर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां ई-मेल के स्रोत, उसे भेजने वाले की पहचान और धमकी की वास्तविकता का पता लगाने में जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है। किसी आतंकी नेटवर्क की भूमिका सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल धमकी भरे ई-मेल की सत्यता और संभावित खतरे को लेकर जांच जारी है।
यूथ इंडिया — सच की दहकती आग



