- गाली देने से मना करने पर बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग
- 6 से 7 बाइकों पर सवार होकर पहुंचे थे हमलावर
- वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद
कासगंज। जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सदर कोतवाली क्षेत्र के सोरों रोड स्थित मराठा होटल पर बाइक सवार बदमाशों ने होटल संचालक ओमकार सिंह को गोली मार दी। गनीमत रही कि इस हमले में होटल संचालक बाल-बाल बच गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, 6 से 7 बाइकों पर सवार होकर आए बदमाशों ने होटल पर पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी। होटल संचालक ओमकार सिंह ने जब उन्हें गाली देने से मना किया तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली चलने से होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
होटल संचालक पर हुए हमले की पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार बदमाश पहले भी इसी तरह की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी, सीओ और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े होटल संचालक पर गोली चलाने की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और फरार हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।




