- हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कॉपियों के रंग अलग-अलग होंगे निर्धारित
- सुरक्षा के लिए 24 घंटे सीसीटीवी की निगरानी में रखी जाएंगी उत्तर पुस्तिकाएं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर उत्तर पुस्तिकाओं के स्वरूप और उनकी सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव की तैयारी की है। अब हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में इस्तेमाल होने वाली कॉपियों के मुख्य कवर पर क्यूआर कोड लगाया जाएगा। इसके साथ ही दोनों कक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान के लिए अलग-अलग रंग निर्धारित किए गए हैं।
नई व्यवस्था के तहत हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की ए और बी कॉपियों के रंग अलग होंगे। इससे उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान और उनके व्यवस्थित रखरखाव में आसानी होगी।
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार हाईस्कूल की ए कॉपी गहरे नारंगी और बी कॉपी गहरे नीले रंग की होगी। वहीं इंटरमीडिएट की ए कॉपी बैंगनी और बी कॉपी हरे रंग की निर्धारित की गई है।
उत्तर पुस्तिकाओं के मुख्य कवर पर क्यूआर कोड लगाया जाएगा। इसे स्कैन करने पर माध्यमिक शिक्षा परिषद का लोगो दिखाई देगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान और उनकी प्रामाणिकता सुनिश्चित करने में मदद करना है।
उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। कॉपियों को सुरक्षित कक्ष में रखा जाएगा, जहां 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। इसके अलावा कॉपियों के बंडलों के सीरियल नंबर का रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा, ताकि उनके रखरखाव और वितरण का पूरा हिसाब सुरक्षित रहे।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 5 फरवरी से 24 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित हैं। परीक्षा की तैयारियों के बीच उत्तर पुस्तिकाओं के स्वरूप में बदलाव और सुरक्षा के नए इंतजामों को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



