लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पदयात्रा करेंगे। इस दौरान उनका निशाना कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर रहेगा। मुख्यमंत्री ने विपक्षी गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि उसके नेतृत्वकर्ताओं में क्लैरिटी और क्रेडिबिलिटी यानी स्पष्टता और विश्वसनीयता का अभाव है।
सीएम योगी ने कहा कि चुनावों में लगातार हार के नए रिकॉर्ड बना रही कांग्रेस और इंडी गठबंधन की हताशा अब अराजकता की राजनीति में बदलती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल जनता के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करने के बजाय भ्रम और अस्थिरता का माहौल बनाने में जुटे हैं।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी नेताओं की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके पास न तो नेतृत्व करने की क्षमता है और न ही जनता के बीच विश्वसनीयता। योगी के मुताबिक, विपक्षी गठबंधन के नेता अपनी राजनीतिक विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए अलग-अलग मुद्दों पर राजनीति कर रहे हैं।
सीएम योगी की आज होने वाली पदयात्रा को भाजपा के राजनीतिक अभियान के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इस कार्यक्रम के जरिए विपक्ष के आरोपों का जवाब देने और जनता के बीच अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। वहीं, योगी के बयान के बाद उत्तर प्रदेश में भाजपा और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।


