अमृतपुर: आगामी धनतेरस, दीपावली एवं भैया दूज के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना अमृतपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना अध्यक्ष राजीव पांडे ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, ग्राम प्रधानों और समाजसेवियों के साथ त्योहारों की तैयारियों तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की।बैठक में थाना अध्यक्ष राजीव पांडे ने कहा कि सभी त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हैं। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें।उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस प्रशासन क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क रहेगा। बैठक में मौजूद संभ्रांत व्यक्तियों ने भी पुलिस प्रशासन को त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।इस मौके पर थाना अध्यक्ष राजीव पांडे, उपनिरीक्षक राघवेंद्र सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक खूबेलाल शाक्य, चिड़िया मोहलियापुर के ग्राम प्रधान धर्मेंद्र सिंह, राजू चिड़िया मोहलियापुर, लीलापुर के पूर्व प्रधान दिनेश सिंह, समाजसेवी राजकुमार राजपूत, रोहित यादव, विजेंद्र चौहान, विनय परमार सहित क्षेत्र के तमाम संभ्रांत व्यक्ति मौजूद रहे।पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की कि त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम और शांति के साथ मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।