- बाजारों में भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने जारी किया प्लान
- हजरतगंज समेत प्रमुख बाजारों में वाहनों की आवाजाही पर रहेगी पाबंदी
लखनऊ। धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के त्योहारों को देखते हुए राजधानी में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने 6 से 9 नवंबर तक विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। इस दौरान शहर के 13 प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित या परिवर्तित रहेगी।
यातायात पुलिस के मुताबिक, नक्खास, भूतनाथ बाजार, पत्रकारपुरम, हुसड़िया, सहारागंज और हजरतगंज सहित कई प्रमुख बाजारों के आसपास यातायात व्यवस्था बदली जाएगी। वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करना होगा।
त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अटल चौक से डीएम आवास के बीच नो-स्टॉप जोन घोषित किया गया है। इस मार्ग पर वाहनों को रोकने की अनुमति नहीं होगी। यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएग।
हजरतगंज में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करना होगा। इसके लिए लीला सिनेमा मल्टीस्टोरी पार्किंग और सरोजनी नायडू पार्क की भूमिगत पार्किंग में व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान बाजारों में अनावश्यक रूप से वाहन लेकर जाने से बचें। निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन निर्देशों का पालन करें।
त्योहारी सीजन में लोगों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए यातायात पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरतने की तैयारी की है।



