खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छिजारसी टोल प्लाजा के पास पिकअप रोकी, 1,197 किलो पनीर जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर दबवाया
हापुड़। दिल्ली ले जाए जा रहे करीब 12 क्विंटल पनीर को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एनएच-9 पर पकड़ा। पनीर को गंदे केमिकल के ड्रमों में अस्वच्छ तरीके से रखा गया था। जांच के दौरान उसमें खट्टापन और बदबू भी पाई गई। विभागीय टीम ने पनीर के दो नमूने लेकर शेष 1,197 किलो पनीर को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर मिट्टी में दबवा दिया। नष्ट किए गए पनीर की अनुमानित कीमत 4 लाख 18 हजार 950 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी कविता मीना के निर्देश पर देर रात यह कार्रवाई की गई। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में टीम ने छिजारसी टोल प्लाजा के पास महिंद्रा बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली।
वाहन में 13 प्लास्टिक ड्रमों में करीब 1,100 किलो पनीर रखा मिला। इसके अलावा वाहन की फर्श पर भी लगभग 100 किलो पनीर रखा हुआ था। पनीर की स्थिति और भंडारण के तरीके को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूने लेकर शेष पनीर को नष्ट करा दिया।



