- रामपुर मथुरा क्षेत्र के गोड़ादेवरिया गांव की घटना, वारदात के बाद आरोपी पोता फरार
सीतापुर। जनपद के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के गोड़ादेवरिया गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक पोते ने अपनी ही दादी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी का वार महिला की गर्दन पर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी पोता मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पोता शराब पीने के लिए अपनी दादी से रुपये मांग रहा था। दादी ने जब शराब के लिए पैसे देने से इनकार कर दिया तो वह गुस्से में आ गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर उसने कुल्हाड़ी से अपनी दादी पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में महिला की गर्दन पर चोट लग गई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना को देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आनन-फानन में घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पोता मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने और आरोपी की तलाश में जुटी है।
शराब के लिए पैसे न मिलने पर दादी पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। जिस पोते से बुजुर्ग महिला को सहारे और सुरक्षा की उम्मीद थी, उसी पर जानलेवा हमला करने का आरोप है।



